इंद्रापुरी गुरुद्वारे में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव
इंद्रापुरी गुरुद्वारे में धूमधाम से मना जन्माष्टमी महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

रिपोर्ट सचिन कश्यप
गाजियाबाद/लोनी। लोनी क्षेत्र के इंद्रापुरी स्थित गुरुद्वारे में हर वर्ष की भांति इस बार भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।

जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान गुरुद्वारे में विभिन्न प्रकार की आकर्षक धार्मिक झांकियां निकाली गईं। इसके साथ ही देर रात तक भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और भजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर समेत भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
वहीं, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से भी व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई। क्षेत्रीय चौकी प्रभारी, थाना प्रभारी, एसीपी लोनी और डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इंद्रापुरी के सभासद सत्येंद्र बंसल ने कहा कि उनके वार्ड में ऐसा धार्मिक स्थल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यहां क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर उन्हें महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त होता रहता है और वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं।
वहीं, सेवादार दीपक दास ने कहा कि यह भव्य आयोजन महाराज जी और भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से ही सफल हो पाता है। उन्होंने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं में सैकड़ों सेवादार अपनी सेवा देते हैं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाता है।
कुल मिलाकर, इंद्रापुरी गुरुद्वारे में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आस्था का केंद्र बना रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।



