दिल्ली NCR

मुख्यमंत्री सहायता और अवैध कब्जों पर प्रशासन की सख्ती

मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मृतक सूर्या चौहान के परिवार को पांच लाख की सहायता

गाजियाबाद। जनपद प्रशासन द्वारा एक ओर जरूरतमंद परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से खोड़ा कॉलोनी निवासी स्वर्गीय सूर्या चौहान के परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खोड़ा कॉलोनी निवासी श्रीमती सरोज पत्नी कौशलेन्द्र सिंह चौहान को उनके पुत्र स्वर्गीय सूर्या चौहान के 28 मई 2026 को हुए निधन के उपरांत परिवार के भरण-पोषण हेतु मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। जिलाधिकारी गाजियाबाद की संस्तुति पर स्वीकृत यह सहायता राशि उपजिलाधिकारी सदर श्री अरुण दीक्षित द्वारा लाभार्थी परिवार को चेक के रूप में प्रदान की गई। इस अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी के वर्तमान जिला मंत्री शुभम कुमार सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए इसे पीड़ित परिवार के लिए बड़ी राहत बताया।

वहीं दूसरी ओर, राजस्व अभिलेखों में दर्ज ग्राम खोड़ा, परगना लोनी स्थित खसरा संख्या-70 की सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जे का मामला भी सामने आया है। जांच के दौरान सरकारी भूमि पर श्री नवाब द्वारा कब्जा पाया गया, जिसके बाद उपजिलाधिकारी सदर ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 136 के तहत नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर कब्जा स्वयं हटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में कब्जा नहीं हटाए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाया जाएगा तथा संबंधित व्यय की वसूली भी की जाएगी।

उपजिलाधिकारी श्री अरुण दीक्षित ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। जनपद प्रशासन ने दोहराया कि कानून व्यवस्था और राजस्व नियमों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!